थाना राजपुर पुलिस द्वारा ‘मुस्कान अभियान’ के अंतर्गत त्वरित कार्यवाही करते हुए दो नाबालिग गुमशुदा बहनों (उम्र 16 वर्ष एवं 17 वर्ष) को महज़ 02 घंटे के भीतर सकुशल तलाश कर उनके माता-पिता के सुपुर्द किया गया।
घटना का संक्षिप्त विवरण
दिनांक 28.02.2026 को फरियादी द्वारा थाना उपस्थित होकर सूचना दी गई कि उसकी दो नाबालिग पुत्रियाँ घर के कार्य को लेकर डांट-फटकार के बाद बिना बताए घर से कहीं चली गई हैं। सूचना प्राप्त होते ही राजपुर पुलिस टीम ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल गुमशुदगी दर्ज कर कस्बा राजपुर क्षेत्र में सक्रिय रूप से पतारसी प्रारंभ की।
पुलिस टीम द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए वैज्ञानिक, मनोवैज्ञानिक एवं तकनीकी संसाधनों का उपयोग कर लगातार तलाश की गई। इसी दौरान सूचना प्राप्त हुई कि दोनों बालिकाएं अपने नाना के घर की ओर गई हैं। सूचना की तस्दीक करते हुए पुलिस टीम तत्काल बताए गए स्थान पर पहुँची, जहाँ दोनों बालिकाएँ सकुशल अपने नाना के घर पर मिलीं।
थाना लाकर पूछताछ करने पर बालिकाओं ने बताया कि माता-पिता द्वारा घर के कार्य को लेकर डांटने पर वे नाराज़ होकर पैदल ही नाना के घर चली गई थीं तथा नाना को घर पर सूचना देने से मना किया था। आवश्यक वैधानिक कार्रवाई उपरांत दोनों बालिकाओं को सुरक्षित रूप से उनके माता-पिता के सुपुर्द किया गया।
विशेष भूमिका
उक्त सराहनीय कार्यवाही में निरीक्षक विक्रम सिंह बामनिया, उप निरीक्षक गजेन्द्र सिंह ठाकुर, आरक्षक महेन्द्र प्रजापति, आरक्षक दिनेश अहरवाल एवं महिला आरक्षक जानु वास्केल की महत्वपूर्ण एवं प्रशंसनीय भूमिका रही।
राजपुर पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यवाही से परिजनों ने राहत की सांस ली तथा पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया। प्रधानसंपादक नाज़ मोहम्मद पायलेट

