*सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु हेलमेट अनिवार्यता अभियान जारी*
बड़वानी। सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार प्रदेशभर में हेलमेट धारण को अनिवार्य बनाए जाने हेतु 26 अप्रैल 2026 से 10 मई 2026 तक विशेष अभियान संचालित किया जा रहा है।
इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री पद्मविलोचन शुक्ल के निर्देशन में जिले के समस्त थाना क्षेत्रों में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत दोपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित किया जा रहा है तथा यातायात नियमों का पालन करने हेतु समझाइश दी जा रही है।
पुलिस द्वारा आमजन को जागरूक करते हुए बताया जा रहा है कि हेलमेट न केवल नियमों का पालन है, बल्कि यह दुर्घटना के समय जीवन रक्षक सुरक्षा कवच के रूप में कार्य करता है। बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों के विरुद्ध आवश्यकतानुसार चालानी कार्रवाई भी की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक श्री शुक्ल ने समस्त थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है कि अभियान को गंभीरता से संचालित करते हुए अधिक से अधिक लोगों को जागरूक किया जाए, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके और आमजन सुरक्षित यात्रा कर सकें।
बड़वानी पुलिस द्वारा आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे स्वयं भी यातायात नियमों का पालन करें एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें, जिससे सुरक्षित और जिम्मेदार यातायात व्यवस्था का निर्माण हो सके।
*पुलिस अधीक्षक का संदेश*
“सभी नागरिकों से मेरा विनम्र आग्रह है कि अपनी सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग अवश्य करें, क्योंकि यह आपके जीवन की रक्षा का सबसे प्रभावी साधन है।
यातायात नियमों का पालन करना हम सभी की जिम्मेदारी है। थोड़ी सी लापरवाही गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकती है। कृपया गति सीमा का पालन करें, नशे की स्थिति में वाहन न चलाएं और सुरक्षित ड्राइविंग को अपनी आदत बनाएं।
बड़वानी पुलिस का यह अभियान आपकी सुरक्षा के लिए है। इसमें सहयोग करें, स्वयं भी नियमों का पालन करें और अपने परिवार व समाज को भी जागरूक बनाएं।”। प्रधान संपादक नाज मोहम्मद पायलेट

