आज दिनांक 04.03.2026 को पद्म विलोचन शुक्ल, पुलिस अधीक्षक बड़वानी द्वारा थाना सेंधवा ग्रामीण क्षेत्र अंतर्गत हाल ही में घटित लूट-डकैती की घटना के घटनास्थल का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने घटनास्थल की परिस्थितियों का बारीकी से अवलोकन किया तथा फरियादी से विस्तृत चर्चा कर घटना की संपूर्ण जानकारी प्राप्त की।
इस अवसर पर थाना प्रभारी सेंधवा ग्रामीण श्री ओम प्रकाश चागौड़ एवं एसडीओपी सेंधवा श्री अजय वाघमारे उपस्थित रहे। पुलिस अधीक्षक महोदय द्वारा विवेचना की प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए तथा भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने हेतु सुदृढ़ रणनीति अपनाने के निर्देश दिए गए।
गौरतलब है कि थाना सेंधवा ग्रामीण पुलिस द्वारा तत्परता एवं प्रभावी कार्रवाई करते हुए लूट-डकैती में संलिप्त आरोपियों को महाराष्ट्र राज्य के शिरपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया जा चुका है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया मसरूका भी बरामद कर लिया गया है। प्रकरण में आरोपियों से विस्तृत पूछताछ की जा रही है एवं अन्य संभावित संलिप्त व्यक्तियों के संबंध में भी जांच जारी है।
बड़वानी पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं अपराधियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है। बड़वानी से अब्दुल अजीज मंसूरी की रिपोर्ट
