*आगामी त्यौहारों को लेकर विशेष सतर्कता के निर्देश, सोशल मीडिया पर पैनी नजर, भड़काऊ संदेश फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई*
*महाशिवरात्रि, शिवाजी जयंती, रमजान माह, भगौरिया, होलिका दहन, होली व रंगपंचमी को लेकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने विशेष निर्देश*
दिनांक 07.02.2026 को प्रभारी पुलिस अधीक्षक बड़वानी श्री धीरज बब्बर द्वारा पुलिस अधीक्षक कार्यालय बड़वानी में आसूचना संकलन करने वाले पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की मासिक बैठक ली गई। बैठक में आगामी त्यौहार महाशिवरात्रि, शिवाजी जयंती, रमजान माह प्रारंभ, भगौरिया, होलिका दहन, होली एवं रंगपंचमी के दौरान कानून व्यवस्था एवं शांति बनाए रखने हेतु विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
बैठक में आगामी त्यौहारों के दौरान आयोजित होने वाले शिवडोला, मेले, जुलूस एवं अन्य कार्यक्रमों के दृष्टिगत सूचना तंत्र को सक्रिय रखने, सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने वाले तत्वों पर कड़ी निगरानी रखने, सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक एवं भड़काऊ संदेशों पर सतत नजर रखते हुए तत्काल वैधानिक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। महाशिवरात्रि एवं भगौरिया पर्व के दौरान झूलों की तकनीकी जांच कराने, शिवरात्रि के अवसर पर नर्मदा घाटों पर विशेष सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने, भगौरिया हाट के दौरान भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने व पर्याप्त मात्रा में सीसीटीवी कैमरे लगाकर निगरानी बढ़ाने के निर्देश दिए गए।

साथ ही राहवीर योजना के अंतर्गत आमजन को जागरूक कर अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार करने, विगत वर्षों में त्यौहारों के दौरान घटित घटनाओं को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहकर कार्य करने तथा किसी भी आपत्तिजनक सूचना अथवा पोस्ट की जानकारी तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए। जनसामान्य को यह भी अवगत कराने के निर्देश दिए गए कि त्यौहारों के दौरान आयोजित होने वाले जुलूस, रैली एवं शिवडोला कार्यक्रमों के लिए विधिवत प्रशासन से अनुमति प्राप्त कर ही कार्यक्रम आयोजित किए जाएं।
*बैठक में जिविशा प्रभारी निरीक्षक श्रीमती रेखा वास्के, निरीक्षक संदीप सुलिया (विशेष शाखा प्रभारी), सहायक उप निरीक्षक जीवन चांदौरे (जिविशा) सहित जिले के समस्त थानों में आसूचना संकलन कार्य में संलग्न कर्मचारी उपस्थित रहे।*बड़वानी संवाददाता अब्दुल अजीज मंसूरी की रिपोर्ट
