बड़वानी। देशभर के पत्रकारों को संगठित, सशक्त और आत्मसम्मान से परिपूर्ण मंच प्रदान करने वाले प्रतिष्ठित राष्ट्रीय संगठन भारतीय पत्रकार संघ (AIJ) में संगठनात्मक मजबूती की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिले के वरिष्ठ पत्रकार मोहम्मद रफ़ीक खान को बड़वानी जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
यह नियुक्ति राष्ट्रीय अध्यक्ष विक्रम सेन की सहमति, संभाग उपाध्यक्ष दिलावर खान की अनुशंसा एवं प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र अग्निहोत्री द्वारा की गई। नियुक्ति की घोषणा के साथ ही बड़वानी जिले सहित क्षेत्रभर के पत्रकारों में उत्साह एवं प्रसन्नता का माहौल देखा गया।
नव नियुक्त जिला अध्यक्ष मोहम्मद रफ़ीक खान की नियुक्ति को संगठन के विस्तार और सुदृढ़ीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। संगठन पदाधिकारियों एवं वरिष्ठ पत्रकारों ने विश्वास जताया कि वे अपने दीर्घ पत्रकारिता अनुभव, निष्पक्ष दृष्टिकोण और संगठनात्मक क्षमता के माध्यम से जिले में पत्रकार हितों की प्रभावी पैरवी करते हुए संगठन को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे।
सेवा, सम्मान और सशक्त पत्रकारिता का संकल्प
भारतीय पत्रकार संघ (एआईजे) केवल एक संगठन नहीं, बल्कि पत्रकारों के सम्मान, सुरक्षा और सशक्तिकरण की एक जीवंत राष्ट्रीय विचारधारा है। विगत लगभग 12 वर्षों से एआईजे देशभर में पत्रकार जगत के शैक्षिक, चिकित्सकीय, सामाजिक सुरक्षा एवं कल्याण से जुड़े विषयों पर निरंतर सक्रिय भूमिका निभा रहा है।
इसी क्रम में संगठन के देश के 27 प्रतिष्ठित शिक्षा एवं चिकित्सा संस्थानों के साथ औपचारिक समझौता ज्ञापन (MOU) विद्यमान हैं, जिनके माध्यम से हजारों पत्रकार साथी एवं उनके परिजन प्रत्यक्ष रूप से लाभान्वित हो रहे हैं। यह पहल इस सोच को रेखांकित करती है कि पत्रकार केवल समाचारकर्मी नहीं, बल्कि समाज का सम्मानित स्तंभ हैं।
सम्मान की संस्कृति, समता का भाव
पत्रकार साथियों के प्रति स्नेह, सम्मान और समानता की भावना को मूर्त रूप देते हुए एआईजे द्वारा विगत 12 वर्षों में 552 से अधिक भव्य पत्रकार सम्मान समारोह आयोजित किए जा चुके हैं। इन आयोजनों की विशेषता यह है कि मंचीय अतिथियों के साथ-साथ अंतिम पंक्ति में बैठे साधारण पत्रकार साथी का भी समान गरिमा और आत्मीयता से सम्मान किया जाता है,यही एआईजे की विशिष्ट पहचान है।
देशव्यापी गतिविधियाँ और सकारात्मक कार्यशैली
एआईजे देश के 22 राज्यों के 575 से अधिक जिलों में पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक, धार्मिक, आध्यात्मिक, शैक्षिक गतिविधियों, क्रीड़ा प्रतिस्पर्धाओं, पत्रकार प्रशिक्षण कार्यशालाओं तथा सामाजिक समरसता से जुड़े विविध आयोजनों का नियमित संचालन करता है।
संगठन संघर्ष और टकराव की राजनीति से यथासंभव दूरी रखते हुए संवाद, समाधान और सहयोग के सिद्धांत पर कार्य करता है तथा अपने संसाधनों और सद्भावनापूर्ण सहयोग से पत्रकार साथियों की व्यवहारिक सहायता सुनिश्चित करता है।
निःशुल्क सदस्यता और वैधानिक पहचान
भारतीय पत्रकार संघ ‘एआईजे’ की सदस्यता पूर्णतः निःशुल्क है। संगठन 12 वर्ष पूर्व से विधिवत पंजीकृत होकर नियमित सक्रिय भूमिका निभा रहा है, जो इसकी वैधानिकता और विश्वसनीयता को प्रमाणित करता है।
नव नियुक्त जिला अध्यक्ष की प्रतिक्रिया
अपनी नियुक्ति पर मोहम्मद रफ़ीक खान ने शीर्ष नेतृत्व के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे संगठन की गरिमा और मूल्यों के अनुरूप कार्य करते हुए जिले के पत्रकारों के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा के लिए पूरी निष्ठा से कार्य करेंगे।
उनकी नियुक्ति पर वरिष्ठ पत्रकार द्वय सर्व श्री अशोक बथमा, दिलीप माहेश्वरी, राजेश नाहर, प्रवीण सोनी, पंकज शुक्ला, विजय नीकुम, हेमत शर्मा, काशीनाथ भंडारी, अशोक पंडित, रघुनाथ सेन, संजय बामनिया, इमरान खान, विजय वकील, राजमल मारू, राजेंद्र देवराय, ज्ञानेश्वर, सादिक चंदेरी, ठाकुर भूपेंद्र सिंह चौहान, महेश बंसल, जफर अशरफी, युवराज बागुल, इम्तियाज, शुभम जायसवाल, जाकिर वकील साहब, चंद्रशेखर करील, नाज मोहम्मद पायलेट, अजय तिवारी सहित अनेक पत्रकार साथियों ने शुभकामनाएं एवं बधाइयाँ प्रेषित कीं।
