आज जिला कांग्रेस कमेटी धार के नवनियुक्त अध्यक्ष स्वतंत्र जोशी के स्वागत में पीथमपुर से धार तक भव्य रैली का आयोजन किया गया। इस रैली में हजारों कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए और पूरे जिले भर में जगह-जगह उनका ऐतिहासिक स्वागत किया गया। रैली में मध्यप्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी मौजूद रहे।
नेता प्रतिपक्ष का गृह जिला होने के नाते कार्यकर्ताओं में अभूतपूर्व उत्साह देखने को मिला। जिलाध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद श्री सिंघार ने स्वतंत्र जोशी का अभिनंदन करते हुए उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
*भारी संख्या में उपस्थित कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि –*
हजारों कार्यकर्ताओं की उपस्थिति इस बात का संकेत है कि आने वाला समय कांग्रेस पार्टी का है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी जी के नेतृत्व में प्रदेश में बदलाव की शुरुआत हो चुकी है। संगठन सृजन के माध्यम से एक नई ऊर्जा और नई शुरुआत हुई है। उन्होंने कहा संगठन किसी एक व्यक्ति से नहीं, बल्कि अनेक कार्यकर्ताओं की मेहनत और योगदान से मजबूत होता है।
*उन्होंने आगे कहा कि –*
छिंदवाड़ा में किसानों के समर्थन में गए तो वहां के कलेक्टर भाजपा के इशारों पर काम कर रहे थे। भाजपा के शासन में अधिकारी डर के साए में काम करने को मजबूर हैं, लेकिन उन्हें याद रखना चाहिए कि आने वाले समय में प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है।
नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि भाजपा विधानसभा में लगातार झूठ बोल रही है। किसानों को खाद उपलब्ध नहीं कराना चाहती। उन्होंने कहा प्रदेश में हर भर्ती परीक्षा में घोटाले हो रहे है। कॉन्स्टेबल भर्ती परीक्षा में भी बड़ा घोटाला हुआ जबकि गृह विभाग खुद मुख्यमंत्री के पास है। उन्होंने कहा मुख्यमंत्री इतिहास और कृष्ण की लीलाओं को बदलने की बात कर रहे हैं। ठीक है, हम भी मानते हैं कि भगवान कृष्ण चोर नहीं थे, लेकिन आप तो चोर हैं और भाजपा की सरकार भी चोरी के जनादेश से बनी है।
यह भव्य रैली कांग्रेस कार्यकर्ताओं के जोश, उत्साह और एकजुटता का प्रतीक रही। जिलेभर से आए कार्यकर्ताओं ने नवनियुक्त जिलाध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन को नई ऊँचाइयों पर ले जाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर सरदारपुर विधायक प्रताप ग्रेवाल जी, बदनावर विधायक श्री भंवर सिंह शेखावत जी, पूर्व विधायक श्री पांचीलाल मेड़ा जी, श्री रघु परमार जी, वरिष्ठ नेता मुजीब कुरैशी जी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष कमल किशोर पाटीदार जी, पूर्व जिला कांग्रेस अध्यक्ष नीरज दीक्षित जी, राधेश्याम मुवेल जी, श्री ओम सोलंकी जी तथा नगर पालिका कुक्षी के उपाध्यक्ष श्री सब्बर हुसैन जी सहित विभिन्न मोर्चा, महिला कांग्रेस की अध्यक्ष बहन प्रीति महेश्वरी जी एवं संगठन के अध्यक्ष मौजूद रहे।
संवाददाता जमील खान